पहले बच्ची का अपहरण, अब मां पर हमला

सरकाघाट (मंडी)। चौरी पंचायत के खरौट गांव में सोमवार को सात माह की बच्ची के अपहरण के प्रयास के बाद अगली सुबह उसकी मां पर जानलेवा किया गया। घर में घुसकर दो नकाबपोशों ने मोबाइल चार्जर की तार से उसका गला घोंटने का प्रयास किया। महिला किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर पड़ोसियों के यहां पहुंच गई। बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मोनिका घर पर अकेली थी। वह कपड़े धोने के बाद सुखाने के लिए डाल रही थी कि इस दौरान पीछे से किसी के आने का अहसास हुआ। जैसे ही पीछे मुड़ने लगी एक नकाबपोश ने उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया। महिला के मुताबिक इसके पश्चात दूसरे नकाबपोश ने प्लास्टिक की रस्सी से उसके हाथ बांध दिए। उसके बाद मोबाइल चार्जर की तार से उसका गला घोंटने की कोशिश की। लेकिन महिला किसी तरह उनके चंगुल से बच निकली तथा अपने पड़ोसी के आंगन तक जा पहुंची। इस बीच नकाबपोश भाग निकले। पड़ोसी के आंगन में महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के समय महिला का ससुर बैंक गया था जबकि सास पशुओं के लिए घास लेने गई थी।
एसएचओ सरकाघाट वीरेंद्र जसवाल ने बताया कि महिला पर जानलेवा हमले की शिकायत आई है। भादंसं की धारा 363, 363ए, 365, 369, 511 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन में जुटी है।
उधर, सरकाघाट अस्पताल से वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. बीआर चौहान ने महिला की हालत खतरे से बाहर होने की पुष्टि की है।

Related posts