
सुंदरनगर (मंडी)। एचपीएसईबी इंप्लाइज यूनियन सुंदरनगर यूनिट के कर्मचारियों ने मंगलवार को भोजन अवकाश के दौरान कार्यालय के बाहर गेट मीटिंग कर वरिष्ठ अधिशासी अभियंता की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। कर्मचारियों ने कहा कि जब से अधिशाषी अभियंता ने कार्यभार संभाला है, कर्मचारियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन के बार-बार आग्रह करने पर भी मंडल स्तर पर शिकायत निवारण कमेटी की बैठक नहीं बुलाई गई है। कर्मचारियों के लंबे समय से दावे लंबित पड़े हैं, जिनकी अदायगी नहीं की जा रही है। यूनियन के प्रदेश उप महासचिव जगमेल सिंह ने कहा कि पिछले तीन माह से आवासीय मकान खाली पड़े हैं, लेकिन उन्हें कर्मचारियों को आवंटित नहीं किया जा रहा है, जबकि कई कर्मचारी निजी आवास लेकर रहने को मजबूर हैं। करीब चार दर्जन कर्मचारियोें के टीए बिल दिसंबर 2011 से अभी तक अदा ही नहीं किए गए हैं। कर्मचारियों की सर्विस बुक्स की रेटिंग समय पर नहीं करवाई जा रही है, जिसकी वजह से कर्मचारियों के 9-16 और 23 साल के बाद जो वित्तीय लाभ मिलने हैं, नहीं मिल पा रहे हैं। यूनियन ने आरोप लगाया कि कई मामलों को लेकर मुख्यमंत्री के आदेशों की पालना भी नहीं की जा रही है। विद्युत उपमंडल सुंदरनगर के अंतर्गत बिजली चोरी के अनेक मामले हैं, लेकिन उपभोक्ता जो बड़े कारखानों के मालिक हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कर्मचारियों ने बोर्ड प्रबंधन और सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों की समस्याओं का निपटारा करने और विद्युत मंडल सुंदरनगर की कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए कड़े आदेश पारित किए जाएं अन्यथा कर्मचारी मजबूरन आंदोलन को मजबूर होंगे। इस मौके पर एचपीएसईबी संघ सुंदरनगर के प्रधान गंगा राम ठाकुर, संगठन सचिव पद्मनाभ शर्मा और केंद्रीय कार्यकारिणी के उपप्रधान दौलत राणा तथा डीडी राणा ने भी संबोधित किया।
