
घनसाली (टिहरी)। खनन के विरोध में असेना में धरने पर बैठे ग्रामीणों ने एसडीएम के आश्वासन पर मंगलवार को दूसरे दिन धरना स्थगित कर दिया है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी विस्थापन सहित अन्य नौ सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं हो जाता वे असेना में खनन शुरू नहीं होने देंगे।
असेना खनन पट्टे से टिहरी बांध की निर्माणाधीन पंप स्टोरेज प्लांट के लिए रेत, पत्थरों की सप्लाई होनी है। असेना के ग्रामीणों का कहना है कि उनका गांव पहले से ही भूस्खलन प्रभावित है। यदि खनन होता है तो गांव में भूस्खलन की समस्या बढ़ सकती है। ग्रामीण लंबे समय से विस्थापन करने, छूटी संपत्ति का भुगतान करने, पंप स्टोरेज प्लांट में 75 फीसदी स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, डैम टॉप से आवागमन करने, नई टिहरी-घनसाली मोटर मार्ग मरम्मत करने सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। बीते दिन खनन पट्टे पर कुछ मजदूर झाड़ी काटने, साफ-सफाई करने का काम कर रहे थे। इन्हें ग्रामीणों ने भगा दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि जबरन उनके यहां खनन शुरू किया जा रहा है। विरोध स्वरूप ग्रामीण विधायक भीम लाल आर्य के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए थे। एडीएम जगदीश लाल धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि खनन करने के लिए किसी को भी अभी अनुमति नहीं दी गई है। नौ सूत्रीय मांगाें पर पूर्व में हुए समझौते के अनुरूप कार्य किया जाएगा। आश्वासन मिलने पर ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से धरना स्थगित कर दिया है।
