
चिन्यालीसौड़(उत्तरकाशी)। स्थानीय लोगों को रोजगार न देने से नाराज लोगों ने शनिवार को हवाई पट्टी के विस्तार और सुंदरीकरण का काम बंद करा दिया और मजदूरों को मशीनों समेत खदेड़ दिया।
पिछले कई दिनों से यूपी निर्माण निगम की ओर से चिन्याली सौड़ में हवाई पट्टी के विस्तार और संदरीकरण का काम किया जा रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में चिन्याली तथा नागणी के ग्रामीण हवाई पट्टी पहुंचे और हंगामा करने लगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1993 में चिन्याली तथा नागणी के ग्रामीणों ने महज 40 हजार रुपये प्रति नाली की दर से अपनी जमीन हवाई पट्टी बनाने के लिए नागरिक उड्डयन विभाग को सौंपी थी। उन्हें उम्मीद थी कि उन्हें यहां रोजगार मिलेगा तथा हवाई पट्टी से क्षेत्र में पर्यटन विकास के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बीस साल बाद भी न तो हवाई पट्टी चालू हुई और न ही स्थानीय लोगों को रोजगार मिला। अब 38 करोड़ की लागत से हचाई पट्टी का विस्तार हो रहा है तो स्थानीय लोगों को काम मिलना चाहिए नहीं तो वे काम नहीं होने देंगे। इस मौके पर पूर्व प्रधान जयराज ठाकुर, राजेंद्र बिष्ट, सत्यपाल बिष्ट, पूरण बिष्ट, शूरवीर मेहरा, आनंद मोहन, नरेंद्र बिष्ट, विजय नौटियाल आदि अनेक ग्रामीण मौजूद थे।
कोट………
अभी हवाई पट्टी के विस्तार कार्य की निविदा नहीं हुई है। इसके लिए अब और जमीन अधिग्रहीत नहीं की जानी है। विभाग अपने स्तर से ही साइट डेवलपमेंट के काम करा रहा है। जल्द ही निविदा करायी जाएगी।
एसए.शर्मा, परियोजना प्रबंधक यूपी निर्माण निगम
कोट………
अभी हवाई पट्टी के विस्तार कार्य की निविदा नहीं हुई है। विभाग अपने स्तर से ही साइट डेवलपमेंट करा रहा है। ग्रामीणों ने काम बंद कराने की मुझे कोई सूचना नहीं है। ऐसे में तो हवाई पट्टी का विस्तारीकरण नहीं हो पाएगा।
एसए शर्मा, परियोजना प्रबंधक यूपी निर्माण निगम
