नौकरी से हटाए पीटीए शिक्षक बहाल

शिमला। पूर्व भाजपा सरकार के दौरान नौकरी से हटाए गए पीटीए शिक्षकों को सरकार ने बहाल कर दिया है। उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी ने शनिवार को पीटीए अनुदान योजना के तहत शिक्षक रहे 61 अभ्यर्थियों को दोबारा नौकरी ज्वाइन करने के आदेश दिए हैं। इनमें 48 शिक्षक एलीमेंटरी स्कूलों हैं और शेष पीटीए लेक्चरर हैं। इन्हें ज्वाइन करने के लिए 10 दिनों का समय दिया गया है। इन्हें बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा और 2006 के लिए नियम इन पर लागू होंगे।
उच्च शिक्षा निदेशक ने अपने आदेशों में कहा है कि इन्हें पूर्व सरकार के समय नियुक्तियों की जांच के लिए बनी कमेटियों की सिफारिशों, नए शिक्षकों की भर्ती और रेगुलर शिक्षकों की ट्रांसफर से हटाया गया था। अब इन्हें खाली पदों वाले स्कूलों में एडजस्ट किया गया है। शिक्षकों की सूची इनकी नियुक्ति के स्कूल के साथ उच्च शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर भी है। उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रधान सचिव शिक्षा आरडी धीमान ने इस बारे में आदेश दिए थे। शेष बचे ऐसे शिक्षकों को लेकर मामला विचाराधीन है।

10 साल सेवाकाल पर पैरा टीचर रेगुलर होंगे
शिमला। उच्च शिक्षा विभाग ने 10 साल की सेवाएं पूरी कर चुके पैरा शिक्षकों को भी रेगुलर करने का फैसला लिया है। उच्च शिक्षा निदेशक के अनुसार 31 दिसंबर, 2013 तक 10 साल पूरे करने वाले पैरा शिक्षकों की सूची सभी उपनिदेशकों से मांगी गई है। इसके बाद निदेशालय इनके नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी करेगा।

Related posts