मुकाबले आठ बजे से, नाश्ता मिल रहा 10 बजे

बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी जोन के थाची स्कूल में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिताओं में बदइंतजामी का आलम देखने को मिला है। इस पर डीपीई संघ भड़क गया है। डीपीई संघ ने बदइंतजामी को लेकर आयोजकाें पर ठीकरा फोड़ा है। 23 अगस्त से चली बालीचौकी जोन की खेलकूद प्रतियोगिताओं के शनिवार को दूसरे दिन कच्चे भोजन को लेकर छात्रों ने आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी भी की। छात्रों का आरोप है कि उन्हें लगातार कच्चा भोजन परोसा जा रहा है। नाश्ता भी दस बजे के आसपास दिया जा रहा है, जबकि मैच सुबह आठ बजे से ही शुरू करवा दिए जाते हैं। भूखे पेट छात्र बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि शिकायत को लेकर स्थानीय स्कूल में आयोजकों ने तत्काल बैठक कर भविष्य में इस तरह की शिकायतें न आने देने का भरोसा दिया। डीपीई संघ के रमेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि बच्चाें को कच्चे चावल परोसे गए। उन्होंने कहा कि आयोजकों को पिछले कल भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई अमल नहीं किया गया। उल्लेखनीय है कि इन खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चाें को 60 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भोजन खर्च दिया जाता है, जबकि निजी स्कूलों के छात्रों से प्रति छात्र 300 रुपये की वसूली की गई है। अव्यवस्था का आलम यह है कि बच्चों को भोजन के लिए लाइन में एक से डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार बच्चों ने भी कच्चे भोजन की शिकायत अपने स्कूल प्रभारियों को भी दी है।
बाक्स
भोजन को लेकर शिकायत सामने आई थी। इस बारे में मैस इंचार्ज से बातचीत कर मामले को सुलझा लिया गया है। भविष्य में इस तरह की शिकायत नहीं आएगी। बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर आयोजक पूरी तरह से सतर्क हैं।
-चंद्रमणी ठाकुर प्रधानाचार्च रावमापा थाची

Related posts