कम होने के बजाए, बढ़ न जाए मर्ज

बिलासपुर। यदि आप क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में शनिवार को उपचार करवाने आ रहे हैं, तो जरा गौर फरमाएं। शनिवार को शिशु रोग विशेषज्ञ के सिवा अस्पताल में अन्य किसी भी स्पेशलिस्ट की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी। ऐसे में उपचार के लिए अस्पताल आने वाले मरीजों को न केवल मायूस होना पड़ सकता है, बल्कि आपात स्थिति में आनन-फानन में किसी दूसरे अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ सकती है।
क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में उपचार करवाने आने वाले मरीजों को अगले दो दिन तक स्वास्थ्य सेवाएं सही ढंग से नहीं मिल पाने के आसार बने हैं। शनिवार को अस्पताल में कार्यरत अधिकांश विशेषज्ञ चिकित्सक छुट्टी पर रहेंगे। इस दिन केवल शिशु रोग विशेषज्ञ डा. सतीश शर्मा ही ड्यूटी पर होंगे। रविवार को छुट्टी के चलते सभी ड्यूटी पर तैनात किए जाने वाले डाक्टर के अलावा बाकी सभी छुट्टी पर रहते हैं। रविवार को मरीजों को आपातकाल में ही विशेषज्ञ डाक्टरों की सेवाएं मिल पाती हैं।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में मेडिकल स्पेशलिस्ट डाक्टर कमल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डाक्टर एमआई अहमद छुट्टी पर रहेंगे। डाक्टर अबुंधर शर्मा ट्रेनिंग पर गए हुए हैं। डाक्टर दीपक ठाकुर शुक्रवार को रात्रि ड्यूटी पर होने के चलते शनिवार को ओपीडी में मरीजों को सेवाएं नहीं दे पाएंगे। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में डाक्टरों की कमी के चलते विशेषज्ञ डाक्टरों को नाइट ड्यूटी पर तैनात किया जा रहा है। अस्पताल में जहां 25 पद डाक्टरों के स्वीकृत हैं। इनमें से केवल 14 पद ही भरे गए हैं। शेष 11 पद डाक्टरों के रिक्त हैं। ऐसे में विशेषज्ञ डाक्टरों की नाइट ड्यूटी लगाना अस्पताल प्रशासन की मजबूरी बन चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एमएल कौशल ने कहा कि चिकित्सकों के रिक्त पद होने के कारण समस्या उत्पन्न हो रही है। समस्या समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस बारे विभागीय उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवाया है।

Related posts