
धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के छात्र हास्टल में गत दिनों हुए लड़ाई-झगड़े के बाद रात को भी पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। रोजाना रात को चार पुलिस जवान हास्टल में तैनात हैं। एससीए चुनाव के दौरान हुए लड़ाई झगड़े के बाद से पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है।
उल्लेखनीय है कि 17 अगस्त को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद देर रात हास्टल के बाहर खूनी संघर्ष हुआ। इसमें आधा दर्जन के करीब छात्र व बाहरी तत्व घायल हो गए थे। यह वारदात हास्टल के पास हुई थी। जबकि चुनावों से दो दिन पहले हास्टल वार्डन के कमरे पर पथराव किया गया था। इसके चलते कालेज में रात को भी पुलिस का पहरा रह रहा है। सूत्रों की मानें तो एक बार फिर से हमला हो सकता है। शायद पुलिस को भी इस बात की जानकारी है। इसी के चलते कालेज व हास्टल में रात को कड़ा पहरा कर दिया गया है। पुलिस जवानों द्वारा देर रात तक हास्टल में आने-जाने वाले छात्रों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
वहीं हास्टल वार्डन डा. ध्यान चंद का कहना है कि हास्टल में माहौल शांतिपूर्वक है। लेकिन बावजूद इसके देर रात तक पुलिस का पहरा रह रहा है। वहीं एसएचओ पुलिस थाना धर्मशाला देशराज चंदरोटिया कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के जवान देर रात तक गश्त कर रहे हैं। जबकि कालेज के छात्र हास्टल पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
