
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। बारिश से अब तक लाहौल-स्पीति जिले में 53 करोड़ 89 लाख रुपये की चपत विभिन्न सरकारी महकमों को लग चुकी है। इसके अलावा लोगों के खेत खलियानों को भी क्षति पहुंची है। जिले में बादल फटने और बाढ़ की घटनाओं से सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग और आईपीएच को हुआ है। जानकारी के अनुसार बादल फटने और बाढ़ की घटनाओं में लोक निर्माण विभाग को करीब 29 करोड़ रुपये की क्षति उठानी पड़ी है। बरसात में सबसे ज्यादा नुकसान पुलों और सड़कों को हुआ है। हाल ही में बादल फटने से करपट, चांगुट, गवाड़ी और नैनगाहर में करीब ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति तबाह हो गई। इसके अलावा स्पीति के शिचलिंग में 25 लाख का नुकसान हुआ।
डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि बरसात में लाहौल-स्पीति में करीब 53,89,13,720 रुपये की क्षति सरकारी और निजी संपत्ति को पहुंची है। बरसात में सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग और आईपीएच महकमे को झेलना पड़ा है। डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि करपट पुल पर लोगों को राहत देने के लिए दो झूले लगाए हैं। इसके अलावा चांगुट को पुल बनाने के लिए भी सामग्री वीरवार शाम पहुंच चुकी है। जल्द ही पुल का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि जिला में हुई बाढ़ के नुकसान की भरपाई के लिए अभी तक करीब एक लाख 5 हजार रुपये की राहत आ गई। सरकार से और राहत राशि मांगी गई। डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को भी जल्द प्रशासन की ओर से राहत राशि मुहैया करवाई जाएगी।
