
रोहडू। रोहल संपर्क मार्ग पांच दिन बाद भी बहाल नहीं हो पाया है। मार्ग बंद होने के कारण सेब की हजारों पेटियां क्षेत्र में ही फंस गई हैं। सेब सीजन चरम पर है, ऐसे में सड़क बंद होने से बागवानाें की चिंता और बढ़ गई है। हालांकि, लोनिवि सड़क बहाल करने के कार्य में जुटा है, लेकिन अभी सड़क बहाल नहीं हो पाई है।
भारी भूस्खलन से रोहल सड़क पर वाहनों की आवाजाही पांच दिन से बंद है। सड़क बंद होने से सेब की हजारों पेटियां फंस गई हैं। बागवान मंडियों तक अपनी फसल को पहुंचाने में असमर्थ हैं। क्षेत्र के अधिकांश बागवानों ने तो सेब तुड़ान का कार्य रोक दिया है। अब बागवान मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं। बागवानों को अपनी फसल बर्बाद होने की चिंता सता रही है। गौंसारी नवयुवक मंडल के प्रधान भगवान सिंह, रविंद्र, सुरेश कुमार तथा राजू ने बताया कि सड़क पांच दिन से बंद है। सेब की पेटियां फंस गई हैं। क्षेत्र के लोगों को घर से बाजार तक जाने के लिए मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग उठाई है कि शीघ्र सड़क को बहाल किया जाए। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अखिल चौहान ने बताया कि सड़क को बहाल करने का काम तेजी से किया जा रहा है। शीघ्र सड़क को बहाल कर दिया जाएगा।
