
अहमदाबाद: गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी एनजीओ और कार्यकर्ताओं ने मोदी के विकास मॉडल को चुनौती देने के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट फेकू डॉट इन नाम की वेबसाइट शुरू की। शबनम हाशमी के गैर सरकारी संगठन एक्ट नाव फॉर हार्मोनी एंड डेमोक्रेसी (अनहद) के देव देसाई ने कहा कि वेबसाइट मोदी के झूठ का पर्दाफाश करेगी। वेबसाइट से जुड़े एक अन्य कार्यकर्ता महेश पांड्या ने कहा, ‘‘वह जनता को भ्रमित करने के लिए हवा में सिर्फ संख्या उछाल रहे हैं।’’
कार्यकर्ता हेमंत शाह ने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी गुजरात को वहां ले आए हैं, जहां गुजरात 1960 में था।’’ कार्यकर्ता प्रकाश शाह ने कहा, ‘‘1995 में जब भाजपा गुजरात में पहली बार सत्ता में आई तो राज्य का कर्ज 10 हजार करोड़ रूपये से कम था। साल 2001-02 में जब मोदी ने सत्ता की बागडोर संभाली तो कर्ज 45 हजार 301 करोड़ रूपये था जो दिसंबर 2012 में बढ़कर 1.3 लाख करोड़ रूपये हो गए। बजटीय अनुमानों के अनुसार कर्ज 2015-16 तक बढ़कर 2.07 लाख करोड़ रूपये हो जाएगा।’’
पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज के गौतम ठाकर ने सद्भावना मिशन के दौरान कहा कि मोदी ने हर जिले के लिए वित्तीय पैकेज की घोषणा की लेकिन धन का अब तक वितरण किया जाना बाकी है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मोदी गुजरात के बारे में झूठ का प्रचार कर रहे हैं जहां अपराध दर उच्च है, विकास गैर समावेशी है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट कर दिया गया है।
