
कोटद्वार। शुक्रवार को आधार कार्ड बनाने के लिए जीजीआईसी पहुंचे एक युवक आशीष किमोठी का नाम सूची में नहीं था। गुस्साए युवक ने नगरपालिका कर्मचारी से लिस्ट ही छीन ली। जिससे वहां हंगामा मच गया। कुछ समय तक आधार कार्ड बनने का काम रुका रहा। बड़ी मान-मनोव्वल के बाद लिस्ट वापस मिली।
कार्ड बनाने से पहले नगरपालिका, शिक्षक और अन्य विभागों के कर्मचारी इसकी लिस्ट तैयार करके पौड़ी भेजते हैं। जिसमें कई लोगों का नाम चढ़ाया व हटाया भी जाता है। लिस्ट में अधिकांश लोगों के नाम न होने से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही आधार कार्ड एक महत्वपूर्ण योजना है, लेकिन कार्ड बनाने के मामले में अनेक गलतियां की गई है। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। यह योजना अभी नगर क्षेत्र में चल रही है।
कोट-
आधार कार्ड बनाने से पहले इसकी लिस्ट तैयार की जाती है। इसमें अनेक विभागों के कर्मचारी शामिल रहते हैं। लिस्ट में नाम चढ़ने में लोग घर पर नहीं रहे होंगे या कुछ लोग बाहर चले गए होंगे। नाम चढ़ने से पूर्व हस्ताक्षर होते हैं। बिना हस्ताक्षर के नाम नहीं चढ़ता। कुछ गलतियां छपाई में भी हो जाती हैं। – विजय पीएस चौहान अधिशासी अधिकारी नगरपालिका कोटद्वार
