अपराधों पर नियंत्रण को प्रभावी कदम उठाएं

चंपावत। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने अपराधों पर नियंत्रण करने और लंबित वादों का तुरंत निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। नियमों के खिलाफ वाहनों का संचालन करने वालों पर अब प्रशासन कड़ा शिकंजा कसेगा।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट में मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मुकदमों की सही तरीके से विवेचना होनी चाहिए ताकि कोई अपराधी छूटने न पाए। अपराधों पर नियंत्रण के लिए नियमित पुलिस और राजस्व पुलिस को तालमेल बनाकर चलना चाहिए। डीएम ने ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने, बिना लाइसेंस के वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा है। राशन वितरण की व्यवस्था को सही तरीके से चलाने के लिए नियमित चेकिंग के निर्देश दिए।
बैठक में जिलापूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी ने जानकारी दी कि इस माह 132 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों की चेकिंग की गई। एक दुकान का लाइसेंस निरस्त किया गया। दो नई दुकानें खोलने के प्रस्ताव मांगे गए। प्रभारी अधिकारी प्रत्यूष सिंह ने बताया कि इस बार जिले से 1.34 करोड़ के राजस्व की वसूली की जानी है। वसूली का लक्ष्य पूरा करने के लिए टीमों का गठन करने को कहा गया। डीएम ने दैवीय आपदा के तहत वितरित धनराशि, क्षति का आकलन, खर्च की स्थिति का पूरा ब्योरा देने को कहा।
बैठक में उपजिलाधिकारी जेएस राठौर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विमल पांडे, आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडे समेत सभी तहसीलदार, जिला कार्यालय के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Related posts