
बिलासपुर। जिला अराजपत्रित कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी का गठन शुक्रवार को कर लिया गया। अध्यक्ष समेत कुछ अन्य पदों पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई, जबकि दो पदों का फैसला मतदान से शुरू हुआ। गहमागहमी भरे माहौल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर करीब एक बजे शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया शाम सात बजे के बाद संपन्न हुई।
जिला अराजपत्रित कर्मचारी संघ की जिला इकाई के चुनाव की प्रक्रिया शुक्रवार दोपहर के समय एनजीओ भवन में जिला तदर्थ समिति के अध्यक्ष चेतराम वर्मा की देखरेख में शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए शुरू में कई दावेदारियां सामने आईं। लंबी माथापच्ची के बाद अनिल चड्डा के नाम पर मुहर लग गई। उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया गया। कर्म सिंह चंदेल व बिशन दास भी सर्वसम्मति से क्रमश: वरिष्ठ उपाध्यक्ष व वित्त सचिव चुने गए।
पुरजोर प्रयासों के बावजूद उपाध्यक्ष व महासचिव पद के लिए आपसी रजामंदी से फैसला नहीं हो पाया। ऐसे में इन पदों के लिए मतदान का सहारा लेना पड़ा। उपाध्यक्ष पद के लिए राकेश चंदेल व कृपाल मराठा के बीच सीधा मुकाबला हुआ। इसमें राकेश चंदेल विजयी रहे। उन्हें 37, जबकि मराठा को 30 वोट मिले। महासचिव पद के लिए तिकोना मुकाबला हुआ। इसमें बाजी रणवीर ठाकुर के हाथ लगी। उन्हें 41 वोट मिले। सुशील शर्मा 25 मतों के साथ दूसरे तथा भूपेंद्र डोगरा 7 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। तदर्थ समिति के अध्यक्ष चेतराम वर्मा को संघ का चेयरमैन चुना गया। इस मौके पर तदर्थ समिति के वरिष्ठ सदस्य लेखराम कौंडल व संघ की सदर इकाई अध्यक्ष भावना ठाकुर समेत बड़ी संख्या में अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे।
