
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। अपनी मांगों को लेकर निजी बस आपरेटर्स द्वारा 26 अगस्त को रखी गई प्रदेश व्यापी एक दिवसीय हड़ताल में श्री चामुंडा निजी बस आपरेटर यूनियन शामिल नहीं होगी। यह कहना है अध्यक्ष सुमित्र सिंह मसंद का। उन्होंने दावा किया कि जिला कांगड़ा के निजी बस आपरेटर हड़ताल में शामिल नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि निजी बस आपरेटरों की कुछ समस्याओं को लेकर परिवहन मंत्री जीएस बाली से हुई बात में उन्होंने आश्वासन दिया है कि विधानसभा सत्र के बाद उनकी समस्याओं का निवारण कर दिया जाएगा। लिहाजा, जिला कांगड़ा के निजी बस आपरेटर 26 अगस्त को हड़ताल में शामिल नहीं होंगे। रोजाना की तरह ही निजी बसें रूटों पर चलेंगी। इस मौके पर यूनियन सदस्यों ने जिला कांगड़ा के अन्य सभी निजी बस मालिकों से 26 अगस्त को अपनी बसों को सुचारु रूप से चलाने का आह्वान किया है।
इस मौके पर महासचिव पवन गोस्वामी, उपाध्यक्ष चरित चौधरी, संयोजक जीएल गलोडा, मनमोहन बेदी, बृज मोहन बेदी, सुभाष वालिया, राजीव महाजन, पवन सोनी, लोकेश शर्मा, जगदीश गुप्ता, अरुण कटोच, चंद्र नागपल व किशोरी लाल उपस्थित रहे।
जिला यूनियन हड़ताल पर अड़ी
धर्मशाला। निजी बस आपरेटर यूनियन जिला कांगड़ा के सचिव अजय परिहार ने कहा कि वह 26 अगस्त को हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक किराये में बढ़ोतरी के बारे में कोई अहम निर्णय नहीं लेती, तब तक निजी बस आपरेटर यूनियन संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को उन्होंने हड़ताल का अल्टीमेटम दे रखा है। यदि सरकार इस बारे में कोई निर्णय ले लेती है तभी हड़ताल को टाला जा सकता है।
