
स्वारघाट (बिलासपुर)। नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र की घवांडल पंचायत के अजनोल गांव में बरसात के मौसम में भी पानी का संकट पैदा हो गया है। ग्रामीणों की मानें तो विद्युत चालित हैंडपंप बीते चार माह से खराब है। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से बात आश्वासनों तक ही सीमित है। यदि समस्या का समाधान जल्द न हुआ तो उन्हें आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
घवांडल पंचायत के अजनोल गांव से वार्ड मेंबर बालकिशन, पूर्व वार्ड मेंबर कौशल्या देवी व रचना के साथ ही संध्यालाल शर्मा, पंडित चान्नण राम, अमृतलाल शास्त्री, सुनील शर्मा, मंगूराम, रमेश, पविंद्र शर्मा, राजेंद्र, रोशनलाल, रामकुमार, अजय व राजीव आदि ने कहा कि गांव में बीते चार माह से पानी की आपूर्ति ठप है। इसके चलते बरसात के मौसम में भी ग्रामीणों के हलक सूख रहे हैं। विभाग के पास कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थिति जस की तस है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए विधायक रणधीर शर्मा ने हैंडपंप लगवाया था। हैंडपंप में मोटर लगाकर घर-घर पानी पहुंचाया गया था। उक्त हैंडपंप पिछले चार माह से खराब पड़ा है। मरम्मत के लिए निकाली गई मोटर अभी तक ठीक नहीं हो पाई है। हैंडपंप से निकाली पाइपों पर घास भी उगने लगी है। इससे ऐसा लग रहा है कि सत्ता परिवर्तन के बाद हैंडपंप भी राजनीति का शिकार होकर रह गया है। समस्या जल्द न सुलझी तो उन्हें आंदोलन का सहारा लेना पड़ेगा। आईपीएच के सहायक अभियंता पुनीत शर्मा ने कहा कि अजनोल गांव में नयनादेवी की मुख्य पेयजल योजना से सप्लाई दी जा रही है। हैंडपंप की मोटर भी ठीक करवाई जा रही है। उसे भी दो-तीन दिन में लगा दिया जाएगा।
