
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं मंडल भाजपा ने कुछ माह पूर्व क्षेत्र में तेंदुओं के आतंक से निजात दिलाने के लिए धरना देने वाले लोगों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। भाजपा का आरोप है कि सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्य कर रही है। यदि राजनीतिक आधार पर दर्ज किए गए मामले 30 अगस्त तक वापस न लिए गए तो भाजपा जनांदोलन शुरू कर देगी।
घुमारवीं भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि कुछ अरसा पूर्व भराड़ी समेत कई अन्य इलाकाें में तेंदुए आतंक का पर्याय बनने लगे थे। कई लोगों पर हमला करने के साथ ही तेंदुआें ने कुछ मासूम बच्चों को भी अपना शिकार बना डाला था। इससे संबंधित इलाकों में दहशत का माहौल पैदा होना स्वाभाविक ही था। सरकार व वन विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित करने के लिए क्षेत्रवासियों ने बाड़ां दा घाट में धरना देने के साथ ही प्रदर्शन भी किया था।
नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि धरना-प्रदर्शन करने वालों में क्षेत्रवासियों के साथ ही भाजपा, कांग्रेस व अन्य दलों से ताल्लुक रखने वाले लोग भी शामिल थे। तेंदुओं की दहशत अभी भी खत्म नहीं हो पाई है। प्रभावी कदम उठाने के बजाए धरना देने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करके उन्हें सम्मन भेजे जा रहे हैं। इस स्तर पर मुख्य निशाना भाजपा से जुड़े लोगों पर है। राजनीतिक द्वेष की भावना से दर्ज किए जा रहे मुकदमे यदि 30 अगस्त तक वापस न लिए गए तो भाजपा को क्षेत्रवासियों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल बजाने पर मजबूर होना पड़ेगा।
