मूसलाधार बारिश से मलबे में दबा मकान

बिलासपुर। बरसात के इस मौसम में मूसलाधार बारिश से नुकसान का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। टुकड़ों में हो रही बारिश से कभी एक, तो कभी दूसरी जगह नुकसान हो रहा है। इसी कड़ी में गत रविवार रात बागीबिनौला पंचायत के बागी गांव में एक दोमंजिला स्लेटपोश मकान जमींदोज हो गया। सौभाग्य से इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आशियाना ढह जाने से पीड़ित परिवार को सिर छिपाने के लिए अपने रिश्तेदारों के पास शरण लेनी पड़ी है।
बरसात के इस मौसम में जिले में टुकड़ों में जोरदार बारिश हो रही है। गत रविवार रात बिलासपुर जिला मुख्यालय में बीच-बीच में मामूली फुहारें ही पड़ीं, लेकिन महज 6-7 किलोमीटर दूर बागीबिनौला पंचायत व आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। इससे बागी गांव निवासी रामदास का दोमंजिला स्लेटपोश मकान ध्वस्त हो गया। रात करीब नौ बजे हुई इस घटना के समय रामदास, उसकी पत्नी और बेटी बरामदे में बैठे थे। उसी दौरान बरामदे से पीछे पूरा मकान भरभरा कर ढह गया। मकान के बाहर होने से परिवार के सदस्यों का बाल तक बांका नहीं हुआ, लेकिन घर में मौजूद लगभग सारा सामान मलबे में दब गया। पता चलते ही आस पड़ोस के लोग वहां एकत्रित हो गए।
जिला परिषद सदस्य बसंतराम संधु ने कहा कि मकान ढह जाने से जहां लाखों का नुकसान हुआ है। रामदास और उसके परिवार के सदस्यों से छत्त भी छिन गई है। ऐसे में उन्हें फिलहाल अपने रिश्तेदारों के पास शरण लेनी पड़ी है। उन्हाेंने सरकार और जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार को फौरी राहत देने के साथ ही नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा भी प्रदान किया जाए ताकि वे लोग अपने लिए छत्त की व्यवस्था कर सकें।

Related posts