गुस्साए छात्रों ने ढाई घंटे जाम किया हाईवे

रामपुर बुशहर। नोगली स्कूल के बच्चों ने नोगली में नेशनल हाईवे को लगभग ढाई घंटे जाम रखा। स्कूल बसें न भेजे जाने को लेकर उन्होंने हाईवे जाम कर परिवहन निगम के खिलाफ रोष जताया। शाम को करीब छह बजे बस भेजे जाने पर ही विद्यार्थी सड़क से हटे।
नोगली स्कूल में शटलधार, मशैली, नाल्टीनाल, मतरेवल, कुमसू, नागनाल, थनोल, कमलाऊ, छलावट, भड़ावली, मसारना, करेरी, रसेंदली आदि इलाकों से पढ़ने के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। डिपो से स्कूल बसें न भेजे जाने पर विद्यार्थियों ने यह कदम उठाया। विद्यार्थियों का कहना है कि उनके लिए कभी भी बसें नहीं रोकी जाती हैं। कभी बसें डिपो से समय पर नहीं भेजी जाती हैं। इस कारण उनको घर तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है।
नोगली सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पीटीए प्रधान कृष्ण गोपाल भारद्वाज ने कहा कि इन गांवों से लगभग तीन सौ बच्चे स्कूल पढ़ने आते हैं। निगम की लापरवाही के चलते बार-बार बच्चों को परेशानी उठानी पड़ती है। बच्चों ने बसों को लेकर तीसरी बार सड़क पर जाम लगाया है, बावजूद इसके निगम ने अपनी सेवा में सुधार नहीं किया। कभी रामपुर से समय पर बसें नहीं आती हैं तो कभी रास्ते में बसें नहीं रोकी जाती हैं। इस कारण बच्चों को घर तक जाने के लिए 3 से 10 किमी तक का सफर पैदल तय करना पड़ता है। उन्होंने निगम से सेवा में सुधार की मांग की है।

Related posts