नारकंडा में आधा घंटा जाम रखा हाईवे

नारकंडा (शिमला)। सेब उत्पादक संघ और आढ़तियों के बीच उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस विवाद के चलते सोमवार को सेब उत्पादकों ने नारकंडा में फिर प्रदर्शन किया और करीब आधे घंटे तक नेशनल हाईवे-22 जाम रखा। सेब उत्पादकों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक विरोध-प्रदर्शन होते रहेंगे।
विरोध-प्रदर्शन में शरीक किसान नेता डा. ओंकार शाद और सीपीआईएम नेता एवं पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि सेब उत्पादक नारकंडा के आसपास खुली सेब मंडियों में सेब की खुली बोली लगाने, सैंपल के लिए पूरी गाड़ी को न उतार कर कुछ पेटियों को ही खोलने, सेब की बिक्री गड्ढ रेट पर करने की मांग कर रहे हैं लेकिन अभी तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुई हैं। मंडियों में बागवानों से 10 रुपये प्रति पेटी मजदूरी के काटे जा रहे हैं मगर मजदूरों को केवल पांच ही रुपये दिए जाते हैं। इस विसंगति को भी अभी तक दूर नहीं किया गया है।
इससे पहले सेब उत्पादक संघ के आह्वान पर सैकड़ों बागवान नारकंडा में जमा हुए और बाजार में रैली निकालकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। बाद में नेशनल हाईवे पर करीब आधा घंटा जाम लगाया। विरोध के चलते सोमवार को करीब दो घंटे तक नारकंडा बाजार भी बंद रहा। जाम के चलते नारकंडा-रामपुर और नारकंडा-शिमला मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सेब उत्पादक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Related posts