
नई दिल्ली: रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी ने 2जी मामले में अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में 23 अगस्त को अदालती पेशी से छूट के लिए सोमवार को न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के विशेष न्यायाधीश ओ.पी. सैनी के समक्ष पेश किए गए एक आवेदन में टीना ने पूर्व व्यस्तताओं का जिक्र किया है और पेशी के लिए नई तिथि तय करने का अनुरोध किया है।
न्यायालय ने आवेदन पर बहस के लिए 21 अगस्त की तारीख तय कर दी है। टीना ने आवेदन में कहा है, ‘‘मैं कहना चाहती हूं कि पूर्व व्यस्तताओं के कारण 23 अगस्त को दिल्ली पहुंच पाना संभव नहीं हो पाएगा।’’
न्यायालय ने इसके पहले अनिल और टीना अंबानी को सम्मन जारी कर क्रमश: 22 और 23 अगस्त को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा था। टीना के आवेदन में कहा गया है, ‘‘मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि कृपया मुझे पेशी से छूट दे दें और सितंबर के अंत में या फिर अपनी सुविधानुसार अक्टूबर में कोई तारीख तय कर दें।’’
सीबीआई के वकील के.के. गोयल ने आवेदन का यह कहते हुए विरोध किया कि यह सुनवाई को लटकाने की कोशिश है। निचली अदालत ने इसके पहले अनिल अंबानी और उनकी पत्नी तथा 11 अन्य को अभियोजन पक्ष का गवाह बनाने संबंधित सीबीआई का अनुरोध स्वीकार कर लिया था। लेकिन अनिल अंबानी और उनकी पत्नी के खिलाफ कोई आरोप नहीं हैं।
