
धारचूला। जीआईसी में रह रहे आपदा पीड़ितों को कुछ असामाजिक तत्व धमका रहे हैं। आरोप है कि ये तत्व इन पीड़ितों से स्कूल को खाली कर अपने गांवों में रहने की हिदायत दे रहे हैं। इस संबंध में पीड़ितों ने उप जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। एसडीएम ने सुरक्षा का भरोसा देने के साथ ही जांच के आदेश दिए हैं।
जीआईसी के राहत कैंप में शरण लिए आपदा पीड़ितों को कतिपय असामाजिक तत्व बीते तीन दिन से धमका रहे हैं। ये लोग कॉलेज खाली कर अपने गांव जाकर रहने की हिदायत दे रहे हैं। उनका कहना है कि स्कूल में आपदा कैंप होने से पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। 15 जून की आपदा के बाद से इस वक्त करीब 100 पीड़ित शरण लिए हुए हैं।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने धमकी देने वालों का पता लगाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन भी आपदा पीड़ितों को दिया। वहीं एसडीएम का कहना है कि बेघर हो चुके आपदा पीड़ितों के लिए नए स्थानों की तलाश की जा रही है। चौदांस क्षेत्र के तितलाधार, बलुवाकोट, रांथी, कालिका आदि क्षेत्रों में स्थान तलाश कर भूगर्भ शास्त्रियों से राय ली जा रही है।
