
बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन अब तीन महीने आराम करेंगे। काम से छुट्टी लेकर वह घर लौट आए हैं। इसके बाद वह धनोल्टी जाएंगे।
रविवार को दून पहुंचे नवाज ने एमडीडीए कॉलोनी स्थित घर पर मीडिया और दोस्तों को पूरा वक्त दिया। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक लगातार काम करने के बाद मुंबई में डिप्रेशन सा होने लगा था। अब तीन महीने सिर्फ परिवार को समय देंगे।
नवाज ने बताया कि उनके भाई शमास जल्द एक फिल्म शूट करने वाले हैं, जिसके लिए उत्तराखंड में लोकेशन चुनी जाएंगी। यादें ताजा करते हुए नवाज ने बताया कि उन्होंने अपना पहला नाटक टाउन हाल में पेश किया था। अब फिर वह वहां जाना चाहेंगे।
एक सवाल के जवाब में नवाज ने नाराजगी जताई कि अब फिल्म रिलीज होने पर एक्टर के काम की तारीफ की जगह पैसे की बातें होती हैं। फोकस यही रहता है कि कौन फिल्म कितना पैसा बटोर रही है।
नवाज ने कहा कि कुछ दिन दून में रहने के दौरान कोशिश करेंगे कि भाई संग मिलकर आपदाग्रस्त क्षेत्रों में मदद करें।
‘माउंटेन मैन’ सबसे मुश्किल
नवाजुद्दीन की आने वाली फिल्मों में माउंटेन मैन, लंच बॉक्स, मिस लवली, हरामखोर, धूमकेतु, फोकस आदि शामिल हैं। नवाज ने बताया कि माउंटेन मैन में काम करना सबसे मुश्किल भरा रहा। फिल्म दशरथ माझी के चरित्र पर बनी है। उनकी पत्नी पहाड़ से गिरकर मर गई थी।
दशरथ ने इसका गुस्सा पहाड़ पर निकाला और उसे तोड़ने लगा। पहाड़ तोड़ते-तोड़ते उसकी उम्र 22 से 75 वर्ष हो जाती है। आखिर वह संत बन जाता है। नवाज ने बताया कि फिल्म में उन्हें पहाड़ तोड़ना पड़ा और काफी मेहनत करनी पड़ी।
अच्छा हुआ, नहीं मिले गॉड फादर
नवाज का कहना था कि अच्छा हुआ कि उन्हें बालीवुड में कोई गॉड फादर नहीं मिला। लंबे संघर्ष से मिले अनुभवों ने उन्हें इतना परिपक्व किया कि अब वे किसी की भी कमी आसानी से देख सकते हैं। कहा कि अनुभवों ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया।
