
दिल्ली: अंडरवल्र्ड डॉन दाउद इब्राहिम के निकट सहयोगी अब्दुल ने पूछताछ में बताया है कि दाउद कराची में एक सुरक्षित आवास में रहता है और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई उसे सुरक्षा मुहैया करा रही है।
दिल्ली पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने आज बताया कि पूछताछ के दौरान टुंडा ने दावा किया कि वह दाउद से कई बार मिला है। अधिकारी ने कहा, ‘‘ उसका (टुंडा) दावा है कि दाउद ने पहली बार उसे 2010 में मिलने के लिए बुलाया था। उसका कहना है कि अंडरवल्र्ड डॉन कराची में एक सुरक्षित आवास में रहता है और आईएसआई उसे सुरक्षा मुहैया कराती है। उसकी आवाजाही सीमित है और खुफिया एजेंसी उस पर नजर रखती है।’’
70 वर्षीय टुंडा ने पुलिस को बताया कि जब वह पाकिस्तान में था तो वह आईएसआई, लश्कर ए तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, इंडियन मुजाहिद्दीन और बब्बर खालसा जैसे कई संगठनों के संपर्क में आया तथा उसने हाफिज सईद, मौलाना मसूद अजहर, जकी-उर-रहमान लखवी, दाउद इब्राहिम और भारत के कई अन्य वांछितों से मुलाकात की।
