
जोगिंद्रनगर (मंडी)। पिछले तीन महीने से वेतन न मिलने और कंपनी की ओर से किए गए ले ऑफ से परेशान मजदूरों ने सीटू से संबंधित उहल प्रोजेक्ट वर्कर यूनियन के बैनर तले शुक्रवार को कंपनी के कार्यालय का घेराव करते हुए ताला जड़ दिया। सैकड़ों की तादाद में इकट्ठा होकर मजदूरों ने ब्यास वैली पावर कार्पोरेशन प्रबंधन कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस मौके पर यूनियन के नारायण सिंह, पवन सेन, राकेश कुमार, होशियार सिंह, प्रताप चंद, तिलक राज आदि ने कहा कि तीन महीने से वेतन न मिलने से मजदूर परेशान हैं। मजदूरों की समस्या के समाधान के लिए न तो सरकार गंभीर है और न स्थानीय प्रशासन। जिससे मजदूरों ने कंपनी का घेराव करते हुए कार्यालय पर ताला जड़ दिया। वहीं, हिमाचल किसान सभा के वरिष्ठ नेता कुशाल भारद्वाज ने कहा कि उहल प्रोजेक्ट में खुलेआम श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि ब्यास वैली पावर कार्पोरेशन, बिजली बोर्ड, स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार कंपनी की मनमानी के आगे नतमस्तक हैं। जो मजदूर अपनी जान को जोखिम में डालकर सुरंग में काम करने जाते हैं, इन्हीं मजदूरों को पिछले तीन महीने से इनके खून पसीने की कमाई का वेतन नहीं दिया जा रहा है। यदि शीघ्र ही मजदूरों के वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो किसान सभा भी मजदूरों के समर्थन में कूद पड़ेगी तथा जरूरत पड़ने पर 24 घंटे तक बीवीपीसीएल कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
