
तीसा (चंबा)। तीसा की ग्राम पंचायत कल्हेल के गांव डांड में गौशाला ढह जाने से 16 भेड़-बकरियां मर गई हैं। बीती रात भारी बारिश के कारण गौशाला ढह गई और उसकी चपेट में आने से भेड़ बकरियां काल का ग्रास बन गईं। स्थानीय पंचायत प्रधान सारो बेगम ने बताया कि मंगलवार रात बारह बजे हनीफ मोहम्मद पुत्र नूर मोहम्मद की गौशाला ढह गई है। इसकी चपेट में आने से 14 बकरियों और दो भेड़ों की मौत हो गई। गौशाला घर से दूर होने के कारण हनीफ मोहम्मद के परिवार को गौशाला के ढहने की भनक नहीं लग पाई। परिवार के सदस्यों ने बुधवार सुबह जाकर देखा तो गौशाला के मलबे के नीचे भेड़-बकरियां मरी पड़ी थीं।
प्रधान ने मौके का जायजा लिया और इसकी जानकारी तहसीलदार तीसा को दी। पंचायत प्रधान ने प्रशासन से नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने और प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। पशु पालन विभाग के डॉक्टर अजय ने बताया कि बताया कि प्रधान ने इस संबंध में उन्हें सूचना दी थी और फार्मासिस्ट को मौके पर भेजा गया है।
उधर, तहसीलदार केएस आजाद ने बताया कि इस संबंध में सूचना मिली है और पटवारी को मौके पर भेज दिया गया है। नुकसान के आकलन के आदेश दिए गए हैं। पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।
