
लोहाघाट। साक्षर भारत कार्यक्रम के तहत इंटर पर्सनल मीडिया कंपेन में लोक शिक्षा केंद्रों के प्रेरकों से हर गांव को पूर्ण साक्षर करने का आह्वान किया गया। खंड शिक्षाधिकारी गोपाल राम आर्य ने प्रेरकों से कहा कि वे अपने केंद्रों में साक्षरता के प्रति एक स्वस्थ, सामाजिक वातावरण पैदा करें। जहां रोज साक्षरता गीत, साक्षरता ध्वज के माध्यम से नया संकल्प ले सकें। उनका कहना था कि इस कार्य में गांव के हर पढ़े लिखे व्यक्ति को निरक्षरता के अंधकार में डूबे लोगों को ज्ञान के प्रकाश में लाने में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
मुख्य संदर्भ व्यक्ति नरेश जोशी ने साक्षर भारत कार्यक्रम के क्रियाकलापों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि सभी प्रेरक ग्रामीण सहभागिता से अपने-अपने गांवों को पूर्ण साक्षर करने की दिशा में पहल करें। कार्यक्रम का संचालन ब्लाक समन्वयक दया जोशी ने किया। इस मौके पर विकास खंड के पांच दर्जन से अधिक प्रेरकों ने भागीदारी की। त्रिलोक सिंह, भीम सिंह, भाष्करानंद जोशी, महेंद्र बोहरा, संगीता आर्या, गीता सुतेड़ी, पुष्पा पांडेय, अल्का अधिकारी, चंद्रकला भट्ट, विनीता ढेक, कुसुम पुनेठा ने अपने केंद्रों की स्थिति की जानकारी दी।
