
रुद्रपुर। अगर आप पढ़ाई कर रहे हैं तो बेरोजगारी भत्ते का लाभ लेने की कोशिश न करें, वरना पकड़े जाने पर पूरा भत्ता लौटाना पड़ेगा। बेरोजगारी भत्ता योजना सिर्फ बेरोजगारों के कौशल विकास की सहायता के लिए चलाई गई है। इसका उपयोग बेरोजगार अपने कैरियर की तैयारी के लिए ही कर सकते हैं। न की अन्य खर्च चलाने के लिए।
किसी भी स्कूल पढ़ने वाले योजना के पात्र नहीं हैं। लेकिन तमाम ऐसे लोग भी आवेदन कर रहे हैं जो कि वर्तमान में पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि शासनादेश में छात्रों को लाभ न दिए जाने के निर्देश हैं। दरअसल राज्य सरकार ने बेराजगारों की आर्थिक सहायता के लिए बेरोजगारी सह कौशल विकास भत्ता योजना शुरू की है। पहले योजना के मानक काफी जटिल बनाए गए थे। लेकिन हाल ही में मानकों में काफी ढील दे दी गई है। इस अनुसार चार साल के सेवायोजन में पंजीकरण के बजाए एक साल की अवधि पूरी कर चुके युवा भी योजना का लाभ उठा सकते हैं। दूसरा भत्ते की राशि भी बढ़ाई जा चुकी है। हाल ही में जारी किए गए शासनादेश में स्पष्ट लिखा है कि ऐसे युवा योजना का लाभ न लें जो कि किसी भी कक्षा में पढ़ रहे हैं। वरना बाद में मामला संज्ञान में आने पर भत्ता लौटना ही पड़ेगा। अन्य नियमों के तहत भी धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होना तय है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार योजना में शिथिलता होने से योजना का लाभ लेने वालों की संख्या काफी बढ़ चुकी है। इनमें से अधिकतर वे युवा भी आवेदन कर रहे हैं जो कि वर्तमान में किसी स्कूल कालेज में अध्ययनरत हैं।
इंसेट
– हाल ही में आए शासनादेश में स्पष्ट लिखा है कि जो बच्चे किसी भी कक्षा में पढ़ रहे हैं वे भत्ते के पात्र नहीं है। ऐसा होने और शिकायत या जांच में पकड़े जाने पर भत्ता लौटना पड़ेगा। इसलिए पात्र ही योजना के लिए आवेदन करें।
-अनुभा जैन,जिला सेवायोजन अधिकारी, ऊधमसिंहनगर।
