टीहरा लाइन के पीड़ितों को तीन-तीन लाख

धर्मशाला। सात अगस्त को कजलोट पंचायत की टीहरा लाइन में भारी भूस्खलन से बेघर हुए प्रभावित परिवारों के लिए सरकार ने भवन निर्माण के लिए तीन-तीन लाख रुपये देने की घोषणा की है। शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने रविवार को दोपहर बाद प्रभावित स्थल का दौरा करते हुए बेघर हुए परिवारों का दर्द साझा किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से प्रभावितों को तीन-तीन लाख रुपये राहत के तौर पर दिए जाएंगे। इन परिवारों को आशियाना मुहैया कराने के लिए खनियारा में भूमि का चयन कर लिया गया है। सरकार सभी परिवारों को प्लाट बनाकर देगी। इसमें दो कमरे, रसोईघर और टॉयलेट बाथरूम के लिए जगह उपलब्ध रहेगी। मकान बनने तक प्रभावितों को सरकारी आवासों में अस्थायी तौर पर क्वार्टर मुहैया करवाए जाएंगे। इस मौके पर हिमाचल-पंजाब गोरखा एसोसिएशन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त ले. भूपेंद्र गुरंग ने मंत्री को भूस्खलन से हुए नुकसान के बारे में अवगत करवाते हुए प्रभावितों की जरूरतों का प्रस्ताव सामने रखा। गोरखा समुदाय के मुखिया नारायण सिंह थापा ने प्रभावितों की मदद के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश कुमार, विजय इंद्र करण, उपायुक्त सी पालरासु सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

सुधीर शर्मा कहा कि टीहरा लाइन में भूस्खलन से हुए नुकसान से कई परिवार प्रभावित हुए हैं। हालांकि, पुनर्सीमांकन के बाद यह क्षेत्र शाहपुर विस क्षेत्र में चला गया है लेकिन सभी प्रभावित परिवार एक साथ धर्मशाला के आसपास बसना चाहते थे। लिहाजा, उन्हें खनियारा में भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी जिसका चयन कर लिया गया है। मैं यहां किसी तरह का राजनीतिक श्रेय लेने नहीं आया। प्रभावितों की हरसंभव मदद की जाएगी। फिलहाल 18 खाली सरकारी क्वार्टरों की चाबियां गोरखा समुदाय के प्रमुख के सुपुर्द कर दी गई हैं। प्रशासन को उनके सामान की शिफ्टिंग के निर्देश दिए गए हैं।

Related posts