
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सभी लोगों से शांति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए आज कहा कि वर्ष 2014 में लोकसभा और विधानसभा चुनावों को देखते हुए कुछ राजनीतिक दल वर्ष 2008 जैसी स्थितियां पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। अब्दुल्ला ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा मैं मीडिया के जरिए सभी लोगों से सीधी अपील करता हूं कि कुछ राजनीतिक पार्टियां किश्तवाड़ में ईद के दौरान हुई घटना को तूल देकर आगामी चुनावों में इसे अपने स्वार्थों की खातिर इस्तेमाल करना चाहती हैं।
उन्होंने कहा मैं ट्विटर के जरिए संसद में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के लगातार संपर्क में हूं और राज्य में तनाव को कम करने के लिए उनसे समर्थन का आग्रह करता हूं कि वे भाजपा कार्यकर्ताओं को शांति बनाए रखने को कहें। कुछ लोग अपने निहित स्वार्थों की खातिर अफवाहों तथा आधारहीन बातों का प्रचार कर रहे हैं और जनता को इनके झांसे में नहीं आना चाहिए। ऐसे तत्व राज्य की सदियों पुरानी सामाजिक समरसता को भंग करना चाहते हैं1 कुछ राजनीतिक पार्टियां राज्य में वर्ष 2008 जैसे हालात पैदा करना चाहती हैं जिनसे बर्बादी के अलावा कुछ भी हासिल नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है जहां तक किश्तवाड़ की घटना का संबंध है तो हम यह सोचकर आश्वस्त थे कि राज्य पुलिस तथा अर्धसैनिक बल स्थिति को संभाल लेगे मगर उपद्रवियों की संख्या अधिक होने के कारण सेना को बुलाया गया। उन्होंने कहा कि सेना ने राज्य सरकार के आग्रह पर सैनिक तैनता किए और प्रभावित क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया।
