तराई में बसाए जाएं प्रभावित 300 गांव

बागेश्वर। राज्य सभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि कपकोट क्षेत्र के आपदा प्रभावित 300 गांवों को तराई में बसाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब सरकार उद्योग लगाने के लिए जमीन दे सकती है तो आपदा प्रभावितों को बसाने के लिए क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि दैवीय आपदा से कपकोट क्षेत्र में दो हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
लोनिवि विश्राम ग्रह में श्री कोश्यारी ने कहा कि हमारे देश की सीमाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। गत दिनों पाकिस्तान के हथियारबंद हमारे देश में घुसकर पांच सैनिकों को शहीद कर गए। जिसकी रक्षा मंत्री को खबर तक नहीं थी। रक्षा मंत्री कहते हैं कुछ नहीं हुआ। बाद में उन्होंने माना की पांच सैनिकों की मौत हो गई। ऐसे में देश को सुरक्षित नहीं कहा जा सकता है। पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देना होगा। श्री कोश्यारी ने कहा कि राज्य में आई आपदा में भाजपा और स्वयं सेवकों ने लोगों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण कार्य किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह कोरंगा आदि मौजूद थे।

Related posts