
धारचूला। जून की बारिश में धारचूला पर सबसे ज्यादा आपदा की मार पड़ी है। पर इस मार के अलावा यहां संचार सेवाएं भी मुसीबत का सबब बनती रही है। क्षेत्र का संचार संपर्क पूरे 25 घंटे तक ठप रहा। ऑप्टीकल फाइबर केबिल (ओएफसी) कटने से ये नौबत आई है।
सीमावर्ती धारचूला क्षेत्र की संचार सेवाएं बेहद लचर है। संचार संपर्क ठप होना यहां आम है। शुक्रवार दिन में करीब 11.30 बजे बाद से इस इलाके का शेष दुनिया से संपर्क कट गया। इस वजह से बलुवाकोट, धारचूला सहित जौलजीबी बाजार के बाद के तमाम हिस्से प्रभावित रहे। इसके चलते क्षेत्र की 20 हजार से अधिक आबादी प्रभावित रही। लोग कहीं भी संपर्क नहीं कर सके। आपदा ही नहीं सीमावर्ती क्षेत्र होने की वजह से ये इलाका वैसे भी संवेदनशील है। पर यहां की खस्ताहाल संचार सेवा लगातार मुसीबत का सबब बन रही है।
संचार सेवाएं शनिवार को करीब एक बजे सुचारू हो सकी। बीएसएनएल के तकनीशियन पीएस बुदियाल ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान जौलजीबी के पास ओएफसी केबिल कटने से संचार सेवा बाधित हुई। जिसे शनिवार सुबह ठीक कर लिया गया। गौरतलब है कि धारचूला क्षेत्र में एकमात्र बीएसएनएल सेवा है। जिसके अक्सर खराब रहने से लोगों को भारी दुश्वारी होती है। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक नबियाल सहित क्षेत्र के तमाम लोगों ने संचार सेवा को बेहतर करने के लिए तत्काल जरूरी कदम उठाने की मांग की है।
