मल्ला सुर्यागांव में नजर आए दो तेंदुए

भीमताल। मल्ला सुर्यागांव क्षेत्र में दो तेंदुए एक साथ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। इनमें से एक तेंदुए का अगला एक पंजा कटा हुआ है। शाम के वक्त अक्सर कटे पंजे वाला तेंदुआ घरों के आसपास नजर आ रहा है। बार-बार मांग करने के बाद भी वन विभाग द्वारा गांव में पिंजरा न लगाए जाने से ग्रामीणों में रोष है।
मल्ला सुर्यागांव निवासी दिनेश राम और रमेश राम ने बताया कि तीन दिन पहले मल्ला सुर्यागांव में एक तेंदुए के पिंजरे में फंसने के बाद से गांव में अक्सर दो तेंदुए एक साथ नजर आ रहे हैं। स्थानीय निवासी मेहर लाल ने बताया कि इन दो तेंदुओं में से एक तेंदुए का पंजा कटा हुआ है। अक्सर कटे हाथ वाला तेंदुआ शाम होने पर गौशालाओं के आसपास और घरों के आसपास दिखाई दे रहा है। तेंदुए से बचाव के लिए लोग घरों के बाहर आग जला रहे हैं और शाम होने पर थाली और कनस्तर बजा रहे हैं। मांग के बावजूद वन विभाग ने अब तक गांव में पिंजरा नहीं लगाया है, जिस कारण गांव के 40 परिवार अंधेरा घिरने से पहले ही डर के मारे घरों के भीतर कैद हो जा रहे हैं।

Related posts