रेल फाटक पर बस से टकराई काठगोदाम

देहरादून/टनकपुर। हरिद्वार बाईपास स्थित रेलवे फाटक पर बृहस्पतिवार सुबह दून आ रही काठगोदाम एक्सप्रेस रोडवेज बस से टकरा गई। ट्रेन आने के बावजूद फाटक बंद नहीं किया गया था। हालांकि, गेटमैन ने ट्रेन के लिए रेड सिग्नल कर दिया था। इसके बावजूद ट्रेन रोकी नहीं गई। टक्कर के बाद बस ट्रैक पर ही पलट गई, हालांकि तब ट्रेन की रफ्तार महज 10 किमी प्रति घंटा होने से बड़ा हादसा टल गया। हादसे के बाद चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को निकाला। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। बाद में क्रेन की मदद से बस को हटाया गया। इस दौरान ढाई घंटे तक दून से ट्रेनों का संचालन बंद रहा।
बृहस्पतिवार सुबह 3:45 बजे चंडीगढ़ से टनकपुर जा रही रोडवेज बस यूके07-पीए-0835 हरिद्वार बाईपास स्थित रेलवे फाटक पर पहुंची। बताया जा रहा है कि गेटमैन ने तब तक फाटक बंद नहीं किया था। ऐेसे में चालक ने बस आगे बढ़ा दी, लेकिन बस के ट्रैक से पार होने से पहले ही काठगोदाम एक्सप्रेस वहां पहुंच गई। ट्रेन ने बस के पिछले हिस्से को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बस ट्रैक पर ही पलट गई। हालांकि, ट्रेन की गति तब काफी धीमी थी। टक्कर लगते ही ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रेन रुक गई। बस में उस वक्त चालक परिचालक समेत 12 यात्री सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही दून रेलवे स्टेशन अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी और रोडवेज अफसर मौके पर पहुंच गए। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद बस को खड़ा कर वर्कशॉप पहुंचाया गया। बस में सवार यात्री डरे हुए थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई थी। बस से निकलने के बाद सभी खुद ही गंतव्य को निकल गए। उधर, देर शाम रोडवेज बस चालक की ओर से नेहरू कालोनी थाने में रेलवे गेटमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

Related posts