इंजीनियरिंग कालेज टनकपुर खोले जाने का स्वागत

खटीमा। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा द्वारा टनकपुर में इंजीनियरिंग कालेज खोले जाने की स्वीकृति दिए जाने पर विधायक पुष्कर सिंह धामी ने उनका आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने राजनीतिक कारणों के चलते इंजीनियरिंग कालेज खटीमा की जगह टनकपुर बनाए जाने पर स्थानीय कांग्रेसियों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के कई मामलों में श्रेय लेने और विकास को अवरुद्ध करने वाले कांग्रेसियों ने इंजीनियरिंग कालेज खटीमा में लाने का प्रयास करना चाहिए था।
कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री के खटीमा भ्रमण के दौरान मंच से उनकी मांग थी कि टनकपुर से लेकर सितारगंज के बीच में कहीं पर इंजीनियरिंग कालेज खोला जाए। मुख्यमंत्री बहुगुणा ने मांग को गंभीरता से लेते हुए इंजीनियरिंग कालेज की स्वीकृति दी है, लेकिन यहां भी कांग्रेसियों की राजनीति ने खटीमा में इंजीनियरिंग कालेज नहीं खुलने दिया। कांग्रेसियों ने अगर गंभीरता से मामले को लिया होता तो कालेज टानकपुर के बजाय खटीमा में खुलता। धामी ने कहा कि अब तक क्षेत्र में हुए विकास पर खुद श्रेय लेने वाले व विकास को अवरुद्ध करने के लिए हायतौबा मचाने वाले कांग्रेसी आज कहां हैं। अगर उन्हें क्षेत्र के युवाओं का जरा भी ख्याल है तो उन्हें खटीमा में इंजीनियरिंग कालेज लाने का प्रयास करना चाहिए। धामी ने निकटतम विधानसभा में इंजीनियरिंग कालेज खुलने का स्वागत भी किया और कहा कि इसका लाभ यहां के छात्र-छात्राओं को भी मिलेगा। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री नंदन सिंह खड़ायत, हिमांशु बिष्ट, भुवन जोशी, कैलाश पांडे, गोपाल बोरा, नवीन बोरा, नरेंद्र भट्ट, महेंद्र दिगारी, हनुमान ज्याला, जगदीश भंडारी, भवानी भंडारी आदि थे।

Related posts