
नौगांव(उत्तरकाशी)। रवांई घाटी के आराध्य रुद्रेश्वर देवता के तियां गांव पहुंचने पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बारिश के बावजूद भंडारे में मुगरसंती, गोडर और खाटल पट्टी के 65 गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुख समृद्धि की कामना के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना तथा देव डोलियों के साथ नृत्य का दौर देर शाम तक चलता रहा।
रवांई घाटी के 65 गांवों के आराध्य रुद्रेश्वर देवता बारी-बारी से एक-एक साल कंडाऊं, देवलसारी, बजलाड़ी और तियां थान में निवास करते हैं। शुक्रवार को तियां गांव स्थित रुद्रेश्वर देवता के मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शाम को मंदिर के गर्भगृह में रुद्रेश्वर देवता की मूर्ति स्थापित की गई। अब एक साल तक यहीं देवता की पूजा-अर्चना होगी। देवता के पश्वा ने श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान किया और उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, तियां थान मंदिर समिति के अध्यक्ष सीताराम थपलियाल, धर्म सिंह राणा, फुलक सिंह राणा, शांति थपलियाल, दयाराम थपलियाल आदि ने विशेष योगदान दिया।
