
मंडी। प्राथमिक सहायक अध्यापक संघ जिला मंडी में फूट पर प्रदेशाध्यक्ष ने कड़ा संज्ञान लेते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाने की बात कही है। इसकी एक धड़े को कीमत चुकानी पड़ सकती है। इस बीच जिला संघ दो धड़ों में बंटता नजर आ रहा है। एक तरफ मदन लाल ठाकुर के समर्थन में कुछ पदाधिकारी संघ के एकजुट होने की बातें कर रहे हैं, दूसरी ओर कृष्ण ठाकुर ने इसका पुरजोर विरोध किया है। उनका कहना है कि कुछ लोग व्यक्तिगत हितों के लिए यह सब कर रहे हैं।
शनिवार को मदन लाल ठाकुर गुट की मंडी में बैठक हुई। जिसमें मदन लाल ठाकुर ने कृष्ण ठाकुर की अध्यक्षता में बनी जिला कार्यकारिणी को असंवैधानिक करार देते हुए इसका विरोध किया था। उधर, कृष्ण ठाकुर का कहना है कि कुछ लोग हैं जो व्यक्तिगत हितों को ध्यान में रख रहे हैं। उनके मुताबिक मदन लाल ठाकुर की अध्यक्षता में बनी कार्यकारिणी को अनुशासनात्मक कार्रवाई के चलते निरस्त किया गया था। अब दोनाें ही गुटों में विरोधी स्वर हावी होने लगे हैं। प्रदेशाध्यक्ष लखवीर धीमान ने बताया कि मदन लाल ठाकुर की अध्यक्षता वाली पुरानी कार्यकारिणी को निरस्त कर दिया गया है। संघ के हाल ही में 28 जुलाई को सुंदरनगर में जिलास्तरीय चुनाव पूरे संवैधानिक तरीके से हुए हैं। जिसमें कृष्ण ठाकुर को मंडी जिला का अध्यक्ष चुना गया है। उन्हाेंने लोगाें को इस तरह गुमराह कर रहे एवं संघ से जुड़े सदस्यों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाने की बात कही है।
