द्वितीय विश्व युद्ध के सैनिक देवीदत्त जोशी नहीं रहे

कपकोट। द्वितीय विश्व युद्ध के सेनानी तोली निवासी देवीदत्त जोशी का 100 साल की आयु में बृहस्पतिवार रात निधन हो गया। शुक्रवार को गांसू नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। विश्व युद्ध के दौरान वह पठानकोट क्षेत्र में तैनात रहे। स्व. जोशी युद्ध के बाद ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह करने वाले सैनिकों में शामिल थे।
कपकोट ब्लाक के सुदूरवर्ती तोली गांव में स्व. दत्त राम जोशी के घर में जन्मे देवी दत्त जोशी बचपन से ही जुझारू प्रवृति के थे। वह ब्रिटिश भारतीय सरकार की सशस्त्र सेना में भर्ती हुए और द्वितीय विश्व युद्ध में उन्होंने बहादुरी के साथ मित्र देशों की सेनाओं के साथ मिलकर कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी का परिचय दिया। वह अधिकतर समय पठानकोट क्षेत्र में तैनात रहे। परिजनों के अनुसार 1946 के आसपास ब्रिटिश सरकार के खिलाफ वातावरण बनने लगा तो सेना में भी विद्रोह की स्थिति पैदा हो गई। भारतीय सैनिक ब्रिटिश अधिकारियों के खिलाफ बगावत करने लगे। इसके बाद सरकार ने 225 रुपये की मासिक पेंशन के साथ कई सैनिकों सहित श्री जोशी को भी सेवानिवृत्त कर दिया। उन्हें शांतिपुरी में 15 हेक्टेयर भूमि दी गई। श्री जोशी के परिजन तराई में बस गए किंतु वह पैतृक गांव तोली में ही रहे। बृहस्पतिवार की रात उनका निधन हो गया। आज गांसू नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र दामोदर जोशी, भोलादत्त जोशी, हरीश चंद्र जोशी ने चिता को मुखागिभन दी। सबसे बड़े पुत्र केशव दत्त जोशी का पहले ही देहांत हो चुका है। श्री जोशी के पौत्र नवीन जोशी ने बताया कि अंतिम संस्कार में उनके सभी सात पोते शामिल हुए। श्री जोशी के निधन पर कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण, एडवोकेट चामू सिंह देवली, नारायण सिंह दानू, देवेंद्र मर्तोलिया, देवेंद्र गड़िया, नरेंद्र सिंह दानू आदि ने दु:ख जताया है।

Related posts