
रुद्रपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाने के आरोप में चड्ढा बंधु हत्याकांड के मुख्य आरोपी अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव सिंह नामधारी को दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को तृतीय अपर सिविल जज पारुल गैरोला की अदालत में पेश किया। कोर्ट में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद उसे वापस दिल्ली पुलिस तिहाड़ जेल ले गई।
बता दें कि 21 मार्च 2008 को बाजपुर के विधायक अरविंद पांडे, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव सिंह नामधारी समेत 21 लोगों ने एसएसपी कैंप कार्यालय के बाहर बाजपुर में जानलेवा हमले के आरोपी हरदीप सिंह को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की मांग को लेकर हाइवे पर जाम लगाया था। इससे यातायात बाधित हो गया था। मामले में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार जायसवाल ने 21 लोगों के खिलाफ 147, 341, 504 आईपीसी एवं 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। उधर, दिल्ली में चड्ढा बंधु हत्याकांड में पकड़े जाने के बाद नामधारी को तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। बृहस्पतिवार को नामधारी को दिल्ली पुलिस की सुरक्षा में रुद्रपुर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने अब पेश होने की अगली तिथि 22 अगस्त 2013 निर्धारित की है।
