
एनएच-22 पर यातायात प्रभावित
सुबाथू / परवाणू (सोलन)। एनएच 22 शिमला-कालका मार्ग टिंबर ट्रेल के पास भूस्खलन के कारण बुधवार शाम करीब साढ़े छह से बाधित हो गया। मलबा एक कार पर आ गिरा। वाहन में बैठे चारों लोग बाल-बाल बचे हैं। पुलिस और लोक निर्माण विभाग ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया है। वहीं खबर लिखे जाने तक रुक-रुक कर पहाड़ी से भूस्खलन जारी था। सैकड़ों सैलानियों के एनएच-22 पर फंसे होने की सूचना है। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। कुछ यातायात वाया जंगेशु कसौली मार्ग से डायवर्ट किया गया है।
ऐसे में यात्रियों को करीबन 35 किमी का अतिरिक्त सफर तय धर्मपुर पहुंचना पड़ रहा। शाम करीब आठ बजे जेसीबी लगाकर सिंगल लाइन बहाल की है। जारी भूस्खलन के कारण यातायात बार-बार प्रभावित हो रहा है। नतीजतन वाहनों का लंबा जाम लग गया है। वहीं इस संबंध में डीएसपी परवाणू निश्चिंत नेगी ने बताया कि भूस्खलन शाम करीब सवा छह बजे शुरू हुआ। इस दौरान कार चपेट में आई, लेकिन कार में सवार चारों यात्री बाल-बाल बच गए हैं। सूचना मिलते ही लोक निर्माण और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मशीनरी लगाकर एक तरफ का रास्ता खोला गया है। एसएचओ समेत पुलिस की टीम जाम खुलवाने में जुटी हुई है। वहीं कई बड़े अधिकारियों के भी जाम में फंसे होने की सूचना है। यात्रियों में परवाणू के कारोबारी राजेश कुमार ने बताया कि जाम इतना लंबा है कि लोग परवाणू के जंगशु मार्ग से होते हुए कसौली से धर्मपुर पहुंच रहे हैं। इसके बाद शिमला की तरफ रवाना हो रहे हैं। सुबाथू के दिनेश ने बताया कि वे बस में चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे, लेकिन मार्ग बंद होने के कारण उन्हें वापसी करनी पड़ी। शिवकुमार के अनुसार वह परवाणू से धर्मपुर के लिए निकले थे, लेकिन जाम के कारण उन्हें वापस आना पड़ा। भूस्खलन के कारण लंबा जाम लगा है।
