आसमान से बरस रही आफत

चैलचौक/सरकाघाट/(मंडी)। आसमान से बरस रही आफत से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के कारण जिले के कई स्थानों पर रिहायशी मकान और गौशालाएं ध्वस्त हो गईं। वहीं, दर्जनों संपर्क मार्ग अवरूद्ध होने से जिंदगी की रफ्तार थम सी गई है।
चैलचौक क्षेत्र के बाल्हड़ी पंचायत में भारी बारिश से एक गौशाला ध्वस्त हो गई। भागु राम की गौशाला गिरने से स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत से मवेशियों को बचाया। प्रशासन की ओर से मौवीसेरी हल्का पटवारी ज्योति प्रकाश ने मौका पर जाकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है। फौरी राहत के रूप में प्रभावितों को तिरपाल प्रदान किए गए।
चैलचौक पंचायत के चैल वार्ड में दिलू राम के रिहायशी मकान का एक हिस्सा धराशायी हो गया। चार कमरों का दो मंजिला मकान में एक कमरा जमींदोज हो गया। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया।
उधर, सरकाघाट उपमंडल में भी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। संधोट गांव में पहाड़ी दरकने से संधोट-चोलथरा सड़क बंद हो गई है। धाड़ता और कमलाह क्षेत्रों की आधा दर्जन पंचायतें बसंतपुर, चोलथरा, संधोट, सजाओपिपलू, डरवाड़, सरी में किसानों की कई बीघा भूमि पर फसल को नुकसान हुआ है। क्षेत्र में बहने वाली खड्ड रोसो, स्टैर, किंद्री, पाड़च्छू, नारड़-अल्याण और सीर खड्ड का जलस्तर उफान पर है। तहसीलदार सरकाघाट पवन शर्मा और तहसीलदार संधोल जोगिंद्र पटियाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि भारी बारिश से किसानों की खड़ी फसलाें को नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल का कहना है कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र ही यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।

Related posts