
रामपुर बुशहर। सतलुज नदी में सिल्ट बढ़ने से एसजेवीएनएल के 1500 मेगावाट के नाथपा झाकड़ी प्रोजेक्ट में विद्युत उत्पादन में बंद हो गया है। वीरवार दोपहर 12 बजे से प्रोजेक्ट में उत्पादन ठप है। इससे उत्तरी ग्रिड को आपूर्ति बंद हो गई। अगले चौबीस घंटे के भीतर उत्पादन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। नाथपा झाकड़ी प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक संजीव सूद ने विद्युत उत्पादन ठप होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बारिश से किन्नौर जिले के मालिंग नाला में भारी भूस्खलन होने से स्पीति के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। स्पीति में अधिक जलस्तर और सिल्ट आने से सतलुज नदी में भी सिल्ट में बढ़ोतरी हुई है। इस कारण उत्पादन बंद करना पड़ा है। वीरवार को सतलुज नदी में 17 हजार पीपीएम से अधिक सिल्ट आंकी गई, जबकि जलस्तर साढ़े सात सौ क्यूमेक्स दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि नदी में सिल्ट की मात्रा चार हजार पीपीएम से नीचे जाने पर ही प्रोजेक्ट में उत्पादन शुरू किया जा सकेगा। प्रोजेक्ट में उत्पादन ठप होने से उत्तरी ग्रिड को सप्लाई बंद है। इससे हिमाचल, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और दिल्ली को बिजली संकट झेलना पड़ सकता है। झाकड़ी प्रोजेक्ट से उत्तरी ग्रिड को सर्वाधिक बिजली सप्लाई होती है। इस कारण यहां उत्पादन ठप होने से इन राज्यों में बिजली का संकट गहरा जाता है।
