मालिंग नाले में भूस्खलन, एनएच बंद

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले के मालिंग नाला में भारी भूस्खलन से नेशनल हाईवे का डेढ़ सौ मीटर हिस्सा गायब हो गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने से काजा समेत किन्नौर के कुछ क्षेत्रों के लिए बसों समेत अन्य वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। सड़क को बहाल करने में तीन से चार दिन लगेंगे।
वीरवार को मालिंग नाला में अचानक भारी भूस्खलन हुआ। इससे लगभग डेढ़ सौ मीटर हाईवे ध्वस्त हो गया। सड़क टूटने से काजा समेत पूह ब्लॉक के चांगो, शलखर व सुमरा के लिए वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। वहीं, नाले में भारी मलबे से स्पीति नदी में अस्थायी झील बन गई थी। हालांकि, करीब एक घंटे के भीतर पानी का रिसाव शुरू होने पर झील नष्ट हो गई। अगर अस्थायी झील नष्ट न होती तो सतलुज के तटवर्तीय क्षेत्रों के लिए खतरा हो जाता। उपायुक्त किन्नौर कैप्टन जेएम पठानिया ने बताया कि मालिंग नाले में भारी मलबा आने से स्पीति नदी में कुछ देर पानी रुक गया था, लेकिन बाद में पानी का रिसाव शुरू होने से स्थिति सामान्य हो गई। उन्होंने बताया कि कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए प्रशासन स्थिति पर नजर रखेगा। उन्होंने बताया कि मालिंग में अवरुद्ध सड़क को बहाल करने में करीब चार से पांच दिन लगना तय है। सीमा सड़क संगठन के जवान सड़क को बहाल करने में जुट गए हैं।

Related posts