
तिलवाड़ा। मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग का पूर्वियाणा में पुस्ता गिरने से दो बच्चों की जान पर बन आई। दो बच्चे पुश्ते के मलबे के साथ लगभग 200 फीट नीचे खाई में लुढ़क गए। दोनों को 108 वाहन में जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बुधवार को स्कूल की छुट्टी होने के कारण 11 वर्षीय बीरेंद्र निवासी चोपड़ा और 10 वर्षीय मुकेश निवासी पूर्वियाणा अपने साथियों के साथ गाय-भैंसों के साथ चले गए। बीरेंद्र अपने मामा के यहां पूर्वियाणा में रहता है। दोपहर लगभग 12.30 बजे पांजणा और पूर्वियाणा के बीच गुप्तकाशी मोटर मार्ग पर चलते हुए अचानक पुश्ता धंस गया, बच्चे कुछ समझते तब तक दोनों पुश्ते के मलबे के साथ सड़क से नीचे 200 फीट नीचे खाई में लुढ़क गए। इसी दौरान यहां से वाहन में गुजर रहे स्थानीय निवासी सत्यप्रकाश बहुगुणा को दोनों बच्चों के साथियों ने घटना के बारे में बताया। सत्यप्रकाश दोनों बच्चों को खाई से निकाल लाए। वह भी गिरते पत्थरों से चोटिल हो गए। बताया जा रहा है कि एक बालक की स्थिति कुछ ठीक है, जबकि एक बेहोश था। दोनों को 108 वाहन सेवा के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं न होने के कारण दोनों को हायर सेंटर भेज दिया गया।
