
गोपेश्वर। थिरपाक गांव के लोगों ने आपदा राहत सामग्री नहीं मिलने पर बुधवार को प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि उनके भवन रहने लायक नहीं रह गए हैं। 24 जुलाई को सुनाली में बादल फटने के बाद से वे खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं। प्रशासन ने उन्हें टेंट तक मुहैया नहीं कराया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा मुखर होकर सामने आया। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रभावितों ने शीघ्र टेंट, तिरपाल और सोलर लालटेन देने की मांग की। ग्रामीण तेजवीर कंडेरी ने कहा कि बादल फटने के बाद अधिकारी-कर्मचारी थिरपाक गांव में तो आए, पर सिर्फ टेंट, तिरपाल का आश्वासन देकर चले गए। आपदा के दो सप्ताह बीत जाने पर भी ग्रामीणों को राहत सामग्री नहीं दी गई है, जबकि गांव में 140 भवन भूस्खलन की जद में आ गए हैं। स्थिति यह है कि ग्रामीण हल्की बारिश में भी घर छोड़कर अन्यत्र सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। कई प्रभावित अपने रिश्तेदारों के यहां शरण लिए हुए हैं। प्रदर्शनकारियों में प्रधान नरेंद्र सिंह, ललिता देवी, वीरेंद्र सिंह रावत, दिनेश, उमेद सिंह, शकुंतला देवी, पुष्पा देवी, लक्ष्मी, बसंती, संकरी देवी, सुंदरी देवी, देवेश्वरी, बीना आदि शामिल थे।
