
उत्तरकाशी। ज्ञानसू बस्ती में मिले एक शव को अपने भाई का बताते हुए एक युवक फूट-फूट कर रोने लगा। उसने कफन के लिए कपड़ा भी मंगा लिया। इस बीच किसी ने मृतक की सही पहचान की तब विलाप कर रहा युवक शांत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पता चला कि युवक अपने जिस भाई का शव बता रहा था वह तो अपनी ससुराल गया हुआ है।
बुधवार क ो ज्ञानसू टैक्सी स्टैंड के पास एक युवक का शव पड़ा देख कर किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरने की तैयारी शुरू कर दी। तभी बस्ती का एक युवक वहां पहुंचा और यह कहते हुए रोने लगा कि शव उसके भाई का है। शव को ढकने के लिए चादर तक मंगवा ली। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। विलाप कर रहे युवक का पिता शव अपने बेटे का नहीं होने की बात कहता रहा परंतु युवक अपनी बात पर ही अड़ा रहा। इस बीच भीड़ में से किसी ने मृतक की पहचान ग्राम झाला निवासी प्रीतम सिंह रौतेला पुत्र उमराव सिंह के रूप में की, जो जोशियाड़ा में किराये पर रहता था। एसपी जेआर जोशी ने बताया कि युवक की मौत संभवता रात में गिरने से हुई है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल पाएगा। विलाप करने वाला युवक शव को अपने जिस भाई का बता रहा था उसके बारे में ब ताया गया कि वह तो कई दिन से अपनी ससुराल में गया हुआ है। आखिर उसके भाई ने किस आधार पर शव को अपने भाई का बताया यह देर तक चर्चा का विषय बना रहा।
