राखी भेजने के लिए डाकघरों में वाटर प्रूफ लिफाफा

शिमला। भारतीय डाक विभाग ने रक्षाबंधन पर समय से भाइयों तक बहनों की राखी पहुंचाने के लिए कमर कस ली है। विशेष लिफाफे जारी करने के साथ ही इसकी शुरुआत हो गई है। लिफाफा देखकर ही पता चल जाएगा कि डाक राखी की है। राजधानी के मुख्य डाकघर सहित सभी डाकघरों में इसकी बिक्री होगी। पचास ग्राम तक के वेट के पैकेट पर बारह रुपये खर्च आएगा।
भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व बीस अगस्त को है। रक्षाबंधन में राखी भेजने के लिए डाक विभाग ने सात रुपये का लिफाफा बिक्री के लिए उतारा है। 50 ग्राम वजन की राखी के लिए 5 रुपये का टिकट लगाना पड़ेगा। पचास ग्राम से अधिक वेट पर प्रति पचास ग्राम तीन रुपये की अतिरिक्त टिकट लगेगी। राखी भेजने के लिए विभाग प्लास्टिक कोटेड लिफाफे लेकर आया है। ये सादे लिफाफे की तरह ही हैं। इन पर प्लास्टिक की परत चढ़ी रहती है। यह बारिश में बिना भीगे गंतव्य तक पहुंच जाते हैं। लिफाफा 11 सेंटीमीटर गुणा 22 सेंटीमीटर आकार में उपलब्ध है। लिफाफे पर भारतीय डाक के लोगो पर राखी शब्द भी छपा है।
हिमाचल सर्किल के निदेशक डाक सेवाएं अम्बेश उपमन्यु का कहना है कि ग्राहकों के लाभ और सुविधा के लिए भारतीय डाक अपनी सेवाओं में मूल्यों का समावेश कर रहा है। विभाग रियायती दामों पर लोगों के घरों तक राखी सुरक्षित ढंग से पहुंचाएगा। सभी डाकघरों में इन विशेष लिफाफों की खेप भेज दी गई है। राखी के स्पेशल लिफाफे की बिक्री 31 अगस्त तक होगी।

Related posts