
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के राजकीय बहुतकनीकी कालेज में रैगिंग मामले को लेकर बुधवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में मुख्य आरोपी पर कंपार्टमेंट विषयों की परीक्षा में बैठने पर रोक लगाने की संस्तुति करने का फैसला लिया गया। जिसकी रिपोर्ट प्रदेश के तकनीकी शिक्षा बोर्ड और तकनीकी शिक्षा निदेशालय को भेज दी गई है। जिस पर अमल होने पर आरोपी प्रशिक्षु अंतिम सेमेस्टर के कंपार्टमेंट के दो विषयों के पेपर नहीं दे पाएगा। इससे पहले कालेज के दो आरोपी प्रशिक्षु आकाश चंदेल और चंद्रकांत को पहले ही कालेज से सस्पेंड कर दिया गया है। बहुतकनीकी कालेज की प्राचार्य विनिता आर्य ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कालेज में रैगिंग की घटनाओं को रोकने के लिए कई कदम उठाए जाने पर फैसला हुआ है। कालेज में आठ होमगार्ड जवान तैनात करने पर तकनीकी शिक्षा विभाग ने मंजूरी प्रदान की है। कालेज में विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कालेज में पढ़ने वाले हर प्रशिक्षु से एंटी रैगिंग एक्ट के तहत सौ रुपये के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र लिया जाएगा। जिसमें प्रशिक्षु को रैगिंग न करने की प्रतिबद्धता देनी होगी। इस मामले में सुंदरनगर पुलिस द्वारा धरे गए मुख्य आरोपी उत्कर्ष चौधरी और चंद्रकांत को एक दिन की न्यायिक हिरासत समाप्त होने पर बुधवार को यहां की अदालत में पेश किया गया। जहां से दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
