अब पंचायतों में ही डलेगी मनरेगा की सेल्फ

पधर (मंडी)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोग आजादी के जश्न के साथ मनरेगा के तहत अपने सर्वांगीण विकास का जश्न भी मना सकेंगे। 15 अगस्त को हर पंचायत में होने वाली ग्राम सभा में अगले वित्तीय वर्ष 2014-15 के लिए मनरेगा की सेल्फ पारित की जाएंगी। अब तक मनरेगा की सालाना प्लानिंग सेल्फ अक्तूबर महीने में पारित होती थी। सरकार ने जन प्रतिनिधियों और लाइन डिपार्टमेंट अधिकारियों के लिए मनरेगा विकास का प्रारूप तैयार करने की डेडलाइन घोषित करते हुए 15 अगस्त को ग्राम सभा में सेल्फ पारित करने को कहा है।
सरकार ने जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की विकास खंड कार्यालय में बैठक बुलाकर मनरेगा सेल्फ पारित करने के लिए जनता को प्रचार-प्रसार के माध्यम से जागरूक करने का आग्रह किया है। 15 अगस्त से पहले पंचायत की वार्ड स्तर पर ग्राम सभाएं बुलाकर विकास का प्रारूप तैयार करने को कहा है। जिलाधीश मंडी के माध्यम से खंड विकास अधिकारियों ने जन प्रतिनिधियों को हिदायत दी है कि एक वर्ष में जितने विकास कार्य हो सकते हैं, केवल उन्हीं कार्यों को सेल्फ में डालें। पंचायत में जॉब कार्ड होल्डर की संख्या के आधार पर सेल्फ तैयार करें। इधर, विकास खंड अधिकारी पधर सुभाष गौतम का कहना है कि मनरेगा का कार्य ऑनलाइन है। एक वर्ष में पंचायतें अपने आधार क्षेत्र में गाइड लाइन के तहत विकास कार्य कर सकती हैं। मनरेगा जॉब कार्ड संख्या को मद्देनजर रखते हुए उसके आधार पर सेल्फ तैयार करें। उन्होंने कहा कि सरकार का यह नया प्रारूप विकास कार्यों को समय अवधि के बीच पूरा करने में सार्थक साबित होगा।

Related posts