अलग रह रहे परिवारों के नहीं बन पाए राशन कार्ड

चैलचौक (मंडी)। गोहर उपमंडल में सालों से अलग रहने के बावजूद सैकड़ों परिवारों के राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं। इन परिवाराें को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। यहां वर्ष 2005 के बाद अब तक जो परिवार परिस्थितियों के मुताबिक अलग हुए हैं, उनके किसी के भी नए राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं। इससे इन परिवारों को सस्ते राशन से तो महरूम रहना पड़ ही रहा है, वहीं अन्य कार्यों को निपटाने में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं।
गोहर उपमंडल की जहल, धिस्ती, तुना, शाला, नौण, चच्योट, चैलचौक, बासा, देलग, छपराहण, बाहवा, बैला, बाल्हड़ी तथा मौवीसेरी आदि पंचायतों में यह समस्या उभर कर सामने आई है। इन पंचायतों में राशन कार्ड के इंतजार में सैकड़ों लोग बैठे हैं, लेकिन पंचायतों में आवेदन के बावजूद अभी तक नए राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं। इन परिवारों के रसोई गैस कनेक्शन, बैंक खाता खोलना, आधार कार्ड बनाने सहित अन्य आवश्यक कार्य भी रुके पड़े हैं। वहीं, पंचायतों का कहना है कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से सीमित मात्रा में ही राशन कार्ड जारी किए जा रहे हैं। संजय कुमार, सुरेश, भवानी, सोहन, प्रेम सिंह, ईश्वर दास, विनोद कुमार, परम देव आदि ने बताया कि राशन कार्ड न मिलने की सूरत में सस्ता राशन नहीं मिल रहा है। इसके अलावा अन्य सरकारी कामकाज करवाने के लिए भी उन्हें असुविधा हो रही है। इधर, गोहर ब्लॉक प्रधान संघ के प्रधान एवं बाल्हणी पंचायत के प्रधान लाला राम कश्यप का कहना है कि समस्या को लेकर प्रधान संघ का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त मंडी एवं विभाग से भी मिला था। गोहर उपमंडल में 37 पंचायतों में औसतन चार हजार नए राशन कार्डों की आवश्यकता है। इस बारे में विभागीय निरीक्षक मोहन लाल का कहना है कि शीघ्र ही पंचायतों को नए राशन कार्ड जारी कर दिए जाएंगे।

Related posts